मोतिहारी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन जिला ढाका द्वारा मोतिहारी के रामसन प्लाजा, बरियारपुर में आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” जिला स्तरीय कार्यशाला के दूसरे दिन बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लिए संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की सोच पहुंचाने के लिए समर्पित है। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में वैचारिक चेतना, संगठनात्मक अनुशासन और सेवा भाव को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल दर्शन अंत्योदय और एकात्म मानववाद पर आधारित है, जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और जनसेवा के लिए सक्रिय रहने की प्रेरणा देता है। भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सजग प्रहरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा समाज के हर वर्ग के बीच संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा बिहार में एनडीए सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बनी है क्योंकि यहां कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और संगठन की विचारधारा ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सहनी, विधायक सह सत्ता पक्ष के सचेतक राणा रणधीर सिंह, विधायक लाल बाबू प्रसाद गुप्ता, डॉ. नूतन माला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठनात्मक विषयों, वैचारिक प्रशिक्षण और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भाजपा संगठन जिला रक्सौल के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए हरसिद्धि स्थित चम्पारण बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने दूसरे दिन के सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में संगठन और सरकार का समन्वय गरीब कल्याण एवं विकसित बिहार के संकल्प को नई गति दे रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता होते हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली, सामाजिक दायित्व और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद संजय जायसवाल, विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पहले मोतिहारी पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
