डेस्क : केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमान चांडी का निधन हो गया है। केरल कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। ओमान लंबे समय से बीमार चल रहे थे। ओमान के बेटे चांडी ने बताया कि अप्पा ने मंगलवार को आखिरी सांस ली। उनका बेंगलुरु में कैंसर का इलाज चल रहा था। ओमान चांडी के निधन के बाद कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजली दी।

साल 2019 में खराब हुई थी तबीयत 
ओमान चांडी कोट्टायम जिले में अपने गृह नगर पुथुपल्ली से चुनाव लड़ते थे I उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में लगातार 12 बार विधानसभा चुनाव जीता I गौरतलब है कि ओमान चांडी पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे I साल 2019 में ही उनकी तबीयत गड़बड़ हो गई थी I गले से संबंधित बीमारी बढ़ने की वजह से उन्हें जर्मनी ले जाया गया था I

केरल के सीएम ने जताया दुख

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘हम एक ही साल में विधानसभा के लिए चुने गए थे। इसी चरण में हम छात्र जीवन के माध्यम से राजनीतिक क्षेत्र में आए थे। हमने एक ही समय में सार्वजनिक जीवन जिया था और उन्हें विदाई देना बेहद कठिन है। ओमान चांडी एक सक्षम प्रशासक और लोगों के जीवन से करीब से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे।

केरल कांग्रेस के अध्यक्ष ने जताया दुख

ओमन चांडी के निधन पर केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरन ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘प्रेम की शक्ति से दुनिया पर विजय पाने वाले राजा की कहानी का मार्मिक अंत हुआ। आज, मैं एक दिग्गज ओमान चांडी के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया और उनकी विरासत हमेशा हमारी आत्मा में गूंजती रहेगी।