परसिया में श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं अंतर्राष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, बिहार में रोजगार सृजन और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड अंतर्गत परसिया गांव में आयोजित श्री भाष्यकार श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं दिव्य-भव्य विराट अंतर्राष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे साधु-संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। उन्होंने मां मुंडेश्वरी की पावन धरती को नमन करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण और बिहार के विकास में संत समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के आशीर्वाद, सनातन संस्कृति और जनसहभागिता से विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प साकार होगा। भारत की सभ्यता और संस्कृति हजारों वर्षों से दुनिया का मार्गदर्शन करती रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
प्राचीन मंदिरों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने बिहार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्राचीन मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने गयाजी के विष्णुपद मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए लगभग 3,500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। वहीं, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने मां मुंडेश्वरी मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार की पहल का भी जिक्र किया।
मां मुंडेश्वरी और गुप्ताधाम बनेंगे प्रमुख पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर जिले में धार्मिक पर्यटन और इको टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं। मां मुंडेश्वरी धाम और गुप्ताधाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से इन धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा शुरू किए जाने का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि कैमूर की पहाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए इको टूरिज्म को भी विकसित किया जा रहा है। सासाराम और कैमूर की प्राकृतिक खूबसूरती फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को आकर्षित कर रही है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
पांच वर्षों में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत संरचनाओं का लगातार विस्तार हुआ है। राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को मजबूरी में रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। इसके लिए उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बिहार से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों से भी अपील की कि वे अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने और देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
जीयर स्वामी महाराज से लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

समारोह में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सांसद मनोज तिवारी, विधायक भरत बिंद, विधायक संगीता कुमारी, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्य प्रकाश, कैमूर के जिलाधिकारी कुमार अनुराग, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, वरीय अधिकारी, देश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
