पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ महापर्व से पहले राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये हस्तांतरित किए। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1,100 रुपये की दर से पेंशन राशि भेजी गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ जरूरतमंदों को समय पर मिले। प्रत्येक महीने की 10 तारीख को बिहार पेंशन दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी दिन पेंशनधारियों के खातों में राशि पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

एक महीने में जुड़े 1.36 लाख नए पेंशनधारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने के भीतर 1 लाख 36 हजार 854 नए लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर योजना के पात्र लेकिन अब तक लाभ से वंचित लोगों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द से जल्द योजना से जोड़ा जाए।

400 से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई पेंशन राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना केवल आर्थिक सहायता देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक संबल प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से ठीक पहले पेंशन राशि का भुगतान किया गया है, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को त्योहार मनाने में आर्थिक सहूलियत मिल सके। सरकार पेंशनधारियों के जीवन में खुशहाली और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी, पेंशनधारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम से जुड़े। सरकार ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को नियमित भुगतान सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।