पटना : बिहार सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सूचना प्रावैधिकी विभाग की ओर से Sarvam.AI (Axonwise Pvt. Ltd.) और BharatGPT (CoRover Pvt. Ltd.) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में इस समझौते का आदान-प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल डिजिटल बिहार के निर्माण और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस समझौते के तहत बिहार की आवश्यकताओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप स्वदेशी AI मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज, सरल और नागरिक-केंद्रित बन सकेंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में बड़े पैमाने पर AI कौशल विकास (Skill Development) और क्षमता निर्माण (Capacity Building) कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही AI आधारित स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा।

AI के क्षेत्र में बिहार को मिलेंगे कई बड़े लाभ

इस समझौते के माध्यम से राज्य के नागरिकों और सरकारी अधिकारियों के लिए AI तकनीक की पहुंच आसान होगी। साथ ही बिहार में AI के बेहतर उपयोग के लिए मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। राज्य के विभिन्न विभागों को भारत में विकसित मूलभूत AI मॉडल और एप्लिकेशन का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, बिहार के शोधकर्ताओं को भारतीय भाषाओं और स्थानीय बोलियों में AI अनुसंधान करने की सुविधा मिलेगी। स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय भाषाओं में AI आधारित तकनीक विकसित की जाएगी, जिससे बिहार AI आधारित सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

MoU के तहत सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए AI प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही एक मजबूत स्थानीय AI पार्टनर इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा, जिससे राज्य में लंबे समय तक AI आधारित नवाचार और तकनीकी विकास को गति मिलेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, BharatGPT (CoRover Pvt. Ltd.) के वाइस प्रेसिडेंट शशांक शेखर ठाकुर, Sarvam.AI (Axonwise Pvt. Ltd.) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर राज चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You missed