साउथ अफ्रीका और भारत के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का मैच खेला गया। इस मैच में भारत को 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। यह इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की पहली हार थी। इसके साथ ही टीम इंडिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप में चले आ रहे पिछले 12 मैचों का जीत का सिलसिला भी थम गया है। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। अफ्रीकी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह टी20 वर्ल्ड कप में रनों के हिसाब से टीम इंडिया की बड़ी हार है।

भारी पड़ी एक खिलाड़ी पर निर्भरता 
भारतीय टीम के लिए एक खिलाड़ी पर निर्भरता रहना भारी पड़ा है। भारत ने ग्रुप चरण में लगभग हर मैच में एक बल्लेबाज के दम पर ही जीत दर्ज की है। यही उसी कमजोर कड़ी साबित हो रही थी और सुपर आठ के पहले मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी की कलई खुल गई। भारत की बल्लेबाजी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इतनी खराब रही कि शिवम दुबे को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार
भारत ने 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद आईसीसी के किसी टूर्नामेंट में पहला मैच गंवाया है। किसी भी प्रारूप में भारत की आईसीसी टूर्नामेंट में 18 मैचों बाद यह पहली हार है। वहीं, 2024 टी20 विश्व कप से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट में भारत ने लगातार 12 मैच जीते थे, लेकिन अब यह सिलसिला टूट गया है। इतना ही नहीं, टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम की रनों के लिहाज से यह दूसरी बड़ी हार है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने भारत को 2019 में 80 रनों से हराया था।

खाता भी नहीं खोल सके 4 बल्लेबाज
टीम इंडिया की बल्लेबाजी इस मैच में इतनी खराब रही कि उसके 4 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। ईशान किशन, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह का खाता नहीं खुला। वहीं, तिलक वर्मा (1) और अर्शदीप सिंह (1) दहाई अंक के आंकड़े पर नहीं पहुंचे। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने बनाए जो 37 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव 18, हार्दिक पांड्या 18 और वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने चार विकेट लिए, जबकि केशव महाराज को तीन, कॉर्बिन बॉश को दो और एडेन मार्करम को एक विकेट मिला।