नगरनौसा (नालंदा): नगरनौसा थाना क्षेत्र के नगरनौसा बस स्टैंड के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे एक अधेड़ की हाइवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नगरनौसा निवासी आस मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आस मोहम्मद बस स्टैंड के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है तथा चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

हादसे से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग को लेकर करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरनौसा बस स्टैंड के आसपास भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में गति सीमा का सख्ती से पालन कराने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट