पटना : नया सचिवालय स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग के सभाकक्ष में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2024 बैच के कुल 12 परिक्ष्यमान पदाधिकारियों के लिए विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पदाधिकारियों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नव-नियुक्त अधिकारियों को विभाग की कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं से अवगत कराना था।

विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को विभाग की कार्यप्रणाली, दायित्वों एवं विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने टाउन प्लानिंग, सैटेलाइट सिटी विकास, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि नगरपालिका प्रशासन के सुनियोजित योजना, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से अव्यवस्थित (Unplanned) शहरों को भी योजनाबद्ध एवं सुव्यवस्थित शहरों में परिवर्तित किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रभावी, उत्तरदायी एवं संवेदनशील प्रशासन के लिए मार्गदर्शन दिया। इस प्रशिक्षण सत्र में विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार भी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान परिक्ष्यमान पदाधिकारियों को विभाग की संरचना, इसके अंतर्गत संचालित निदेशालय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, विभाग के मुख्य दायित्वों, विभिन्न प्रशाखाओं की कार्य विवरणी एवं कार्यों के वितरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उच्च न्यायालयों के मामलों एवं अन्य मुकदमों के निष्पादन की प्रक्रिया, विभागीय योजनाओं के वित्तीय प्रबंधन से क्रियान्वयन तंत्र, ऑडिट एवं एकाउंट्स से जुड़ी प्रक्रियाएं तथा होल्डिंग एवं प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था के बारे में भी अवगत कराया गया।

इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण में स्वच्छ भारत मिशन, केन्द्र प्रायोजित योजनाओं के संचालन, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर एवं सैटेलाइट सिटी विकास की अवधारणा, विभागीय नियम एवं नियमावली का संक्षिप्त परिचय तथा बजट निर्माण की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही योजना प्राधिकृत समिति से स्वीकृत वर्ष 2025-26 के दो संलेखों एवं मंत्रिमंडल से स्वीकृत वर्ष 2025-26 के दो संलेखों के विषय में भी अवगत कराया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से परिक्ष्यमान पदाधिकारियों को शहरी विकास एवं आवास क्षेत्र की नीतिगत एवं क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की व्यापक समझ प्रदान की गई, जिससे वे अपने दायित्वों का प्रभावी एवं सुचारू निर्वहन कर सकें।

इस प्रशिक्षण सत्र में विरूपाक्ष विक्रम सिंह, सुश्री प्रिया रानी, सुश्री कृष्ण जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदील मोहसीन, अजय यादव, सूरज कुमार,  विगनेश टी ए,  जतिन कुमार, के परीक्षित, महेश कुमार एवं श्रीमती कशिश बक्शी उपस्थित रहीं।