नगरनौसा (नालंदा) : नालंदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भरत सोनी ने सोमवार शाम नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में हुई लूट की घटना का घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की प्रगति की जानकारी ली और अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर चार हथियारबंद अपराधियों ने महमदपुर गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में धावा बोलकर गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने सीएसपी संचालक को बंधक बनाकर करीब 5 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप लूट लिया था। घटना के बाद सभी अपराधी फरार हो गए थे।
निरीक्षण के दौरान एसपी भरत सोनी ने अधिकारियों को मामले के हर पहलू की गहन जांच करने और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लूटकांड में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे गिरोह का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।

एसपी ने आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली तथा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और बैंक एवं ग्राहक सेवा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी रंजन कुमार, चंडी सर्किल इंस्पेक्टर चंदन कुमार सिंह, चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश झा तथा नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
