पटना: बिहार की राजधानी पटना में पर्यटन और जल परिवहन को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ करते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से अब पटना के लोग और यहां आने वाले पर्यटक गंगा नदी के रास्ते जलयात्रा का आनंद ले सकेंगे। साथ ही, शहर में आवागमन के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।

पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना और आधुनिक जल परिवहन सेवा विकसित करना है। वाटर मेट्रो के परिचालन से अशोक राजपथ पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

50 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस है वाटर मेट्रो

यह आधुनिक कैटामरान वेसल एक बार में 50 यात्रियों को लेकर सफर कर सकता है। इसमें उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह जलयान हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके परिचालन से जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण नहीं होने का दावा किया गया है।

50 रुपये होगा टिकट, बच्चों को मिलेगी छूट

वाटर मेट्रो में यात्रा के लिए प्रति वयस्क 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधा किराया देना होगा। फिलहाल यात्री दीघा घाट स्थित टिकट काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

दीघा से गांधी घाट तक होगा परिचालन

वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से शुरू होकर गांधी घाट तक होगा। इसके बाद जलयान गांधी घाट से वापस दीघा के लिए रवाना होगा और शाम को मीनार घाट पहुंचेगा। भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है। वाटर मेट्रो की बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा (मीनार घाट) और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है।

वाटर मेट्रो की शुरुआत से पटना में पर्यटन को नया आकर्षण मिलने के साथ गंगा नदी के माध्यम से परिवहन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। आने वाले दिनों में इसके विस्तार से राजधानी के लोगों को जलमार्ग के जरिए आवागमन का एक और विकल्प मिल सकता है।

शुभारंभ कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

वाटर मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार एवं संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।