पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों को वर्ष 2028 तक पूरा करने का निर्देश दिया है। रविवार, 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो, इसके लिए बेहतर यातायात प्रबंधन करने का निर्देश दिया।

जे०डी० विमेंस कॉलेज और हाईकोर्ट चौराहे के पास बनेंगे फुट ओवरब्रिज

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्देश दिया। इनमें जे०डी० विमेंस कॉलेज के पास तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के समीप फुट ओवरब्रिज का निर्माण शामिल है। इनसे सड़क पार करने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के पास निर्माण कार्यों का जायजा

मुख्यमंत्री ने इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के समीप चल रहे मेट्रो निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, लोगों के आवागमन को आसान बनाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित तरीके से काम किया जाए।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। मेट्रो निर्माण के कारण शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी सहित नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग और भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा तथा पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।