पटना : बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही जिला औषधि भंडार गृह, नए ICU और IMCU बेड, 24×7 इमरजेंसी सेवा, PPP मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवा तथा 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि अस्पताल में इलाज की सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं ताकि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत न पड़े। उन्होंने विशेष रूप से ऑर्थोपेडिक विभाग को राज्य में उत्कृष्ट पहचान बनाने पर जोर दिया।
105 नए ICU बेड और 24×7 इमरजेंसी सेवा शुरू

राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए ICU बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत की गई। सरकार का मानना है कि इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
PPP मॉडल पर मुफ्त पैथोलॉजी जांच

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के पहले चरण की शुरुआत की गई। इसके तहत 11 हब लैब और उनसे जुड़ी 221 स्पोक लैब को जोड़ा गया है। इस व्यवस्था से मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं और समय पर रिपोर्ट उपलब्ध होगी।
25 अनुमंडलीय अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस सुविधा

मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया। पीएचएच (PHH) और आयुष्मान भारत कार्डधारियों को यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी, जबकि अन्य पात्र मरीजों को रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किडनी रोगियों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
‘हर जिले में बेहतर इलाज’ सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। सरकार जिला और अनुमंडल स्तर तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार कर रही है ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई स्वास्थ्य सुविधाओं से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी द्वारा स्थापित ‘खंडा साहिब’ का भी लोकार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
