हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के फेमस डायरेक्टर में से एक श्याम बेनेगल का निधन हो गया है। उन्होंने 90 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। श्याम लंबे पिछले काफी समय से बीमार थे। दिग्गज फिल्ममेकर की बेटी पिया बेनेगल ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह सच है। श्याम बेनेगल का आज शाम 6.30 बजे निधन हो गया। बेनेगल ने मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उनका क्रोनिक किडनी रोग का इलाज चल रहा था।
बता दें कि फिल्ममेकर ने हाल ही में 14 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था। उनके जन्मदिन की कुछ फोटोज और वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिली थीं। वहीं, शबाना आजमी ने अपने इंस्टाग्राम उनकी पार्टी की तस्वीरें शेयर की थीं। फोटो में शबाना और नसीरुद्दीन शाह फिल्ममेकर श्याम बेनेगल के साथ मुस्कुराते हुए दिखाई दिए थे।
पद्मश्री और पद्म भूषण से हो चुके हैं सम्मानित
श्याम बेनेगल को भारत सरकार ने 1976 में पद्मश्री और 1991 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘अंकुर’ के निर्देशन से की थी, जिसमें अनंत नाग और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में थे। उनकी तीसरी फिल्म निशांत (1975) इससे भी बड़ी उपलब्धि थी, जिसने 1976 के कान फिल्म समारोह में पाल्मे डी’ओर के लिए नामांकन अर्जित किया। गिरीश कर्नाड, शबाना आजमी, अनंत नाग, अमरीश पुरी, स्मिता पाटिल और नसीरुद्दीन शाह जैसे दिग्गजों की एक बेहतरीन जोड़ी वाली यह फिल्म फिल्म निर्माण में उनकी महारत का प्रमाण है। इसके बाद उन्होंने कई अन्य फिल्मों का भी निर्माण किया। उनके बेहतरीन फिल्मों में ‘मंथन’, ‘भूमिका’ और ‘सरदारी बेगम’ जैसी कई मूवीज का नाम शामिल है।