मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने डीएवी संस्थान से बिहार की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलने का आग्रह किया है।
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के बापू सभागार में आयोजित तीन दिवसीय आठवें ‘डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल- 2026’ का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित किया। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ रखी गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के बच्चों को उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़े। इसके लिए बिहार में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थानों और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और अगले एक साल में इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने डीएवी संस्थान के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी से बिहार में शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल हैं, जिनमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं। ऐसे में पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खुलने से पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
एक साथ स्थापित होंगे 211 नए डिग्री कॉलेज

शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में केवल 272 डिग्री कॉलेज थे। अब सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की पहल की है और इनमें शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों में कार्यरत बिहार के शिक्षक भी वापस अपने प्रदेश लौटे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की लगभग 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है। युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
तकनीक से रात एक बजे तक पढ़ रहे डेढ़ लाख बच्चे

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार के 534 प्रखंडों सहित लगभग 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां करीब 4.5 लाख बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को हर समय पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जुलाई में मिली पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी करीब डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। यह राज्य की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव है। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय इसी धरती पर स्थापित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को पुनर्स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित डीएवी संस्थान पिछले 140 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वर्ष 1886 में लाहौर से शुरू हुई यह शैक्षणिक यात्रा आज देशभर में हजारों संस्थानों तक पहुंच चुकी है।
बिहार में तेजी से बढ़ रहा आधारभूत ढांचा और उद्योग

समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही बिहार में 10 नए हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 15 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से उद्योगों का विकास हो रहा है और प्रतिवर्ष लगभग 9 से 10 हजार नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सांसद संजय कुमार झा, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद्मश्री पूनम सूरी, डीएवी बीएसईबी के प्राचार्य ए.सी. झा, डीएवी संस्थान के उपाध्यक्ष अजय सूरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और डीएवी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
