पटना: बिहार दिवस के शुभ अवसर पर विधान परिषद के उपसभागार में वार्मथलव संस्था द्वारा “शक्ति उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस खास मौके पर संस्था ने अपनी ग्रैंड लॉन्चिंग एक अनोखे अंदाज में मनाई, जिसमें बिहार भर से लगभग 250 समाजसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित समाजसेवियों को “बिहार शक्ति सम्मान” से सम्मानित किया गया।

वार्मथलव संस्था की संस्थापिका प्रिया शर्मा ने इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बिहार के हर जिले में मासिक धर्म (पीरियड्स) के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद महिलाओं एवं लड़कियों के बीच सेनेटरी पैड का वितरण करना है। इसके साथ ही इस विषय पर संवाद और जागरूकता अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा।

प्रिया शर्मा ने कहा कि वार्मथलव सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि एक सोच है, जो बिहार की बेटियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास के लिए समर्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के भीतर मासिक धर्म को लेकर जो संकोच है, उसे दूर करना बेहद जरूरी है, ताकि वे खुलकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।

इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसकी शुरुआत उन सशक्त और प्रेरणादायक महिलाओं के बीच की गई, जो पहले से ही समाज में बदलाव लाने का काम कर रही हैं। संस्था ने उन्हें अपने अभियान से जोड़ते हुए भविष्य में मिलकर काम करने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल बिहार में एक नई सोच की शुरुआत है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस “शक्ति उत्सव” में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं एमएलसी श्री संजय पासवान, रेडियो जॉकी अंजली सिंह, आईईएस अधिकारी शशांक शेखर, समीर परिमल, असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. दयानिधि शर्मा, डॉ. अनामिका, डॉ. वंदना मिश्रा, रंजय सिंह, प्रीतेश आनंद, मुस्कान दमनिया और नवजोत कौर शामिल थे।