पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि बिहार में अगले 5 वर्षों के भीतर 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक वर्ष लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिक्षक नियुक्ति से संबंधित विज्ञापन हर वर्ष जुलाई महीने में जारी किया जाएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध और नियमित रूप से पूरी हो सके।
महिला एवं पुरुष शिक्षकों के स्थानान्तरण के लिए बनेगी नई नीति

शिक्षकों के स्थानान्तरण को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग को नई नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत महिला शिक्षकों का स्थानान्तरण गृह जिले के अपने प्रखंड के निकट पंचायत में तथा पुरुष शिक्षकों का स्थानान्तरण गृह प्रखंड के समीपवर्ती प्रखंड में किए जाने की योजना बनाई जाएगी।
विद्यालयों में पोशाक वितरण अब जीविका समूहों के माध्यम से

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका समूहों के माध्यम से कराई जाए। इससे एक ओर बच्चों को समय पर पोशाक उपलब्ध होगी, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के स्वावलंबन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

22 मई 2026 को पटना स्थित लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षा विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
