पटना : बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने मॉनसून 2026 की तैयारियों को लेकर विभागीय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस बार आम जनता को जल-जमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पटना नगर निगम, नगर परिषद दानापुर, फुलवारीशरीफ, खगौल और संपतचक क्षेत्रों में जल-जमाव, नाला सफाई, पंपिंग व्यवस्था, मशीनों की उपलब्धता तथा मानव संसाधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले वर्ष के अनुभवों के आधार पर जल-जमाव की समस्या के समाधान के लिए अब तक किए गए कार्यों और तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही पिछले एक माह में हुए कार्यों का पूरा ब्योरा भी उपलब्ध कराने को कहा।

नीतीश मिश्रा ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी कर्मियों को रेनकोट, सेफ्टी किट, उपयुक्त जूते और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे बारिश के दौरान प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने मशीन होल की सफाई में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

मंत्री ने बड़े नालों के मिसिंग लिंक को चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने, पंपों की संख्या बढ़ाने और उनकी कार्यक्षमता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खुले नालों की फिजिकल वेरिफिकेशन और जियोटैगिंग युक्त फोटोग्राफ्स के माध्यम से मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सुपरविजन स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

नीतीश मिश्रा ने कहा कि ग्राम पंचायतों से नगर क्षेत्रों में आकर बसने वाले लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

बैठक में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, फुलवारीशरीफ विधायक श्याम रजक, पटना साहिब विधायक रत्नेश कुमार, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, कुम्हरार विधायक संजय कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, बुडको के एमडी अनिमेष कुमार पराशर, बीएसआरडीसीएल के एमडी शीर्षत कपिल अशोक, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, आयुक्त यशपाल मीणा, उपमहापौर रेशमी कुमारी तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।