राजगीर: राजगीर अब एडवेंचर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। नेचर सफारी में बने ग्लास स्काई वॉक की सफलता के बाद यहां अब ‘क्लिफ वॉक’ प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। इसे इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि पर्यटक ऊंची चट्टानों के किनारे चलते नजर आएंगे, जहां नीचे गहरी खाई और चारों तरफ हरियाली होगी। इस पर चलते समय ऐसा एहसास होगा जैसे कोई हवा में तैर रहा हो।
ग्लास ब्रिज से ज्यादा लंबा और चुनौतीपूर्ण

राजगीर ग्लास ब्रिज पहले ही पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है, लेकिन नया क्लिफ वॉक उससे भी ज्यादा लंबा और रोमांचक होगा। यह प्रोजेक्ट खास तौर पर एडवेंचर पसंद करने वाले सैलानियों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसका निर्माण जेठियन पहाड़ियां की खड़ी चट्टानों पर किया जाएगा, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती हैं।
एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा नया आयाम
इस परियोजना को शुरू करने से पहले विशेषज्ञों ने मिट्टी और चट्टानों की मजबूती की जांच की है, ताकि निर्माण पूरी तरह सुरक्षित रहे। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। क्लिफ वॉक शुरू होने के बाद बिहार में एडवेंचर टूरिज्म को नई दिशा मिलेगी, जिससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में राजगीर देश के प्रमुख थ्रिल टूरिज्म हब के रूप में उभर सकता है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
