भागलपुर: प्राचीन बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में देव दीपावली का पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर महाआरती सेवा संघ की ओर से मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें हजारों दीप जलाकर पूरे मंदिर परिसर को रोशनी से सजाया गया। दीपों की जगमगाहट से मंदिर का नजारा बेहद आकर्षक और भक्तिमय हो उठा।

देव दीपावली महोत्सव के दौरान बच्चों ने मंदिर परिसर में आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगी रंगोलियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और आयोजन की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। इस दौरान पूरा वातावरण धार्मिक आस्था और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

उल्लेखनीय है कि महाआरती सेवा संघ पिछले 34 वर्षों से लगातार बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में देव दीपावली का आयोजन करता आ रहा है। संघ का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति और सनातन आस्था को जीवंत बनाए रखना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

इस भव्य आयोजन में संयोजक पवन खेतान (मुन्ना गांधी) के साथ वाल्मीकि सिंह, दिनेश सिंह, विशाल कुमार, लक्ष्मण बाबा, चंदन कुमार, विष्णु राय, शंभू राय, बबलू शर्मा, अभिषेक मिश्रा, अमरेश श्रीवास्तव, शशांक जायसवाल, हर्ष कुमार, खुशी कुमारी, प्राची पल्लवी, रुचि, रूही एवं रिश्ता शाह सहित महाआरती सेवा संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

हजारों दीपों से सजे बाबा बूढ़ानाथ मंदिर का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर उदाहरण बना।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट