पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए औद्योगिक क्षेत्र बरियारपुर (IA Bariyarpur) में ₹62.27 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक PEB Fabrication Material निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। यह परियोजना Experia Prefaxo Pvt. Ltd. द्वारा स्थापित की जाएगी, जिससे राज्य में लगभग 400 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। यह नई औद्योगिक इकाई बिहार में आधुनिक विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ औद्योगिक अवसंरचना को भी मजबूती प्रदान करेगी। परियोजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने और युवाओं को कौशल आधारित रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस संबंध में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना स्वीकृति समिति (PCC) की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आईडा, कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में Experia Prefaxo Pvt. Ltd. को IA बरियारपुर में 5 एकड़ भूमि पर PEB Fabrication Material निर्माण इकाई स्थापित करने की मंजूरी प्रदान की गई।

राज्य की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में स्वीकृत हो रही नई औद्योगिक परियोजनाएँ राज्य के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बेहतर अवसंरचना, मजबूत कनेक्टिविटी और सुगम प्रक्रियाओं के जरिए निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
