पटना : राष्ट्रीय जनता दल के सांगठनिक चुनाव का पहला चरण पूरा हो गया है। प्राथमिक ईकाई और पंचायत ईकाई के चुनाव खत्म होने के बाद दूसरे चरण में प्रखंड कमिटियों और तीसरे चरण में जिला कमिटी का चुनाव होना है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने आरजेडी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।

प्रखंड कमिटी की प्रक्रिया शुरू

पंचायत कमिटी के बनाए जाने के बाद आरजेडी में 31 मई से प्रखंड स्तर की कमिटी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई है। दूसरे चरण में प्रखंड कमिटी का चुनाव होगा। 31 मई से 4 जून तक बिहार के सभी प्रखंडों में पार्टी की प्रखंड कमिटी का गठन हो जाएगा। वहीं तीसरा चरण 5 जून से शुरू होगा। इस फेज में जिला कमिटियों का चुनाव होगा। 5 जून से 13 जून तक जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

14 जून से प्रदेश अध्यक्ष की प्रक्रिया 

राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने चुनाव से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यता के बाद पार्टी का सांगठनिक चुनाव चल रहा है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर टीम बन रही है। इसी क्रम में 21 जून को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। 24 जून तक राष्ट्रीय परिषद की लिस्ट फाइनल हो जाएगी और 15 दिनों बाद 5 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, न्याय के साथ विकास, धर्म निरपेक्षता और समाजिक समरसता जैसे सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ रही है। राजद संगठन की शक्ति से चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी को पूरी मजबूती के साथ और सिद्धांतों का पालन करते हुए आगे लेकर जाएगा और तेजस्वी यादव के सपने को आगे बढ़ाएगा उसके हाथ में ही पार्टी की कमान दी जाएगी।

5 जुलाई को होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 24 जून को राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद शुरू होगी। 5 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। उम्मीद की जा रही है कि अगले कार्यकाल के लिए भी लालू यादव को सर्वसम्मति से फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।

कौन कब बना अध्यक्ष

1997 में आरजेडी की स्थापना के बाद कमल पासवान पहले प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके बाद उदय नारायण चौधरी (1997-1998 तक), पीतांबर पासवान (1998-2003 तक), अब्दुल बारी सिद्दीकी (2003-2010 तक), रामचंद्र पूर्वे (2010-2019 तक) और वर्तमान में जगदानंद सिंह (2019-अब तक) इस पद पर रहे हैं।

इस बार कौन रेस में 

इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में जगदानंद सिंह के अलावा जेडीयू से आरजेडी में आए अति पिछड़ा वर्ग के नेता मंगनीलाल मंडल और पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता भी शामिल है। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी इस बार अति पिछड़ा समाज को साधने की रणनीति अपना रही है। इसी मकसद से मंगनीलाल मंडल को पार्टी में लाया गया है।