पटना : बिहार कृषि विभाग के मार्गदर्शन में केन्द्रीय उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण एवं प्रशिक्षण संस्थान, फरीदाबाद (हरियाणा) तथा इफको के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 31 जनवरी 2026 को बिहार कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना में बिहार राज्य के उर्वरक विक्रेताओं हेतु एक दिवसीय उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि निदेशक, बिहार सौरभ सुमन यादव द्वारा कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में उर्वरक गुणवत्ता में सुधार लाना तथा उर्वरक विक्रेताओं को जागरूक कर कृषकों को समय पर, उचित मूल्य पर एवं गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना था, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ मिट्टी की उर्वराशक्ति को सुदृढ़ किया जा सके।

बिहार के कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव ने अपने संबोधन में राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता, उर्वरक समिति की भूमिका तथा कृषकों को सही उर्वरक उपयोग हेतु जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने उर्वरकों के जैविक स्रोतों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक डॉ. रविंद्र यादव (आरएफसीएल, कल्याणी) ने उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी तथा नए एवं परंपरागत उर्वरकों की गुणवत्ता मानक, पंजीकरण प्रमाण-पत्र एवं प्राधिकरण पत्र से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इफको के राज्य वितरण प्रबंधक अशोक कुमार पालीवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं उपयोगिता की जानकारी दी।

इस अवसर पर विभिन्न उर्वरक कंपनियों के राज्य विपणन प्रबंधक, इफको के अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी एवं राज्य के सभी जिलों से आए उर्वरक विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन इफको के प्रबंधक रमेश कुमार द्वारा किया गया।