पटना: मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक भी बैठक से जुड़े। विभिन्न विभागों ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्थाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
जिलाधिकारियों और पुलिस प्रशासन को विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला की तैयारियां पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।
कांवरिया पथ पर स्वास्थ्य, पेयजल और सफाई की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पैदल पथ को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जाए। कांवरिया पथ पर प्रमुख विश्राम स्थलों के पास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने, आपातकालीन चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने, शौचालय, साफ-सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
शिवालयों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर जोर
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी शिवालयों में जलाभिषेक के दौरान भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही बिजली के नंगे तार हटाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
