पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर संयंत्रों के विस्तार तथा हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को तेज करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर तेजी से काम किया जाए और अधिक से अधिक घरों को इस योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने घरों पर सोलर प्लेट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए ताकि वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हो।

उन्होंने विशेष रूप से कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के लिए ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही सरकार सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है ताकि बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिले।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनका नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदियों को सोलर संयंत्र लगाने हेतु प्रोत्साहित करने तथा सौर ऊर्जा के लाभों और कार्यप्रणाली के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कृषि फीडरों के सोलराइजेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि अधिक से अधिक कृषि फीडरों को इस योजना में शामिल किया जाए, ताकि कृषि कार्यों में भी सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग सुनिश्चित हो सके।

बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए सोलराइजेशन प्लान, जीविका दीदियों हेतु अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना तथा पीएम कुसुम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।