मध्य प्रदेश में सत्ता की कमान कौन संभालेगा, इसका फैसला हो गया है I प्रदेश की राजधानी भोपाल में विधायक दल की बैठक में ये फैसला लिया गया कि मोहन यादव मध्य प्रदेश के नए सीएम होंगे I इसके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम बनाया गया है I नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया I

भाजपा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर मोहन यादव को चुना है। वह राज्य के अगले सीएम होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में उनके नाम का चयन किया गया। वह उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वह शिवराज सिंह चौहान की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। खुद शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नेता के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा।

मोहन यादव संघ के करीबी हैं और ABVP के जरिए वह सियासत में आए हैं। मोहन यादव की सरकार में दो डिप्टी सीएम होंगे। उनकी सरकार में जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम के तौर पर काम करेंगे। बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एमपी विधानसभा के अगले स्पीकर के तौर पर चुना है।

पी.एच.डी हैं मोहन यादव

मोहन यादव ने उच्च शिक्षा हासिल की है। उन्होंने एलएलबी, एमबीए और पी.एच.डी की है। वह साल 1984 में एबीवीपी के उज्जैन नगर मंत्री नियुक्त किए गए थे। साल 1986 में वह विभाग प्रमुख औऱ फिर साल 1988 में एमपी एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री चुने गए। वह साल 1997 में भाजयुमो की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नियुक्त किए गए। साल 2011 से साल 2013 के बीच वह राज्य में दर्जा प्राप्त मंत्री बनाए गए। वह इस बार तीसरी बार विधानसभा चुनाव जीते हैं I

MP मुख्यमंत्री की रेस में कई नाम थे शामिल

2023 विधानसभा चुनाव में BJP की प्रचंड जीत के बाद कई बड़े चेहरों के नाम मुख्यमंत्री की रेस में शामिल थे I CM शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रह्लाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, गोपाल भार्गव, वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम इस रेस में थे I