रायपुर : छत्तीसगढ़ में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों के ठीक पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के कद्दावर नेता टीएस सिंह देव को सूबे का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष ने टीएस सिंह देव को छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर खुशी का इजहार किया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में नवंबर के आसपास विधानसभा चुनाव होने हैं।आमने-सामने रहे हैं बघेल और सिंह देवराज्य में 2018 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद से सिंह देव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता की लड़ाई में एक दूसरे के आमने-सामने रहे हैं। सिंह देव ने पहले दावा किया था कि पार्टी नेतृत्व ने वादा किया था कि वह और बघेल बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे। हालांकि, बघेल ने इस दावे को खारिज कर दिया था। बघेल ने कुछ महीने पहले, उनके प्रति निष्ठा रखने वाले विधायकों की उस वक्त पार्टी नेतृत्व के समक्ष परेड भी करायी थी, जब सिंह देव ने बघेल को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिशें तेज कर दी थीं।

बघेल ने ट्वीट किया, ‘महाराज साहब को शुभकामनाएं’ बताया जा रहा है कि पार्टी की छत्तीसगढ़ की प्रभारी महासचिव कुमारी शैलजा ने टीएस सिंह देव को उप मुख्यमंत्री नियुक्त करने का एक प्रस्ताव भेजा था और पार्टी अध्यक्ष ने इसे मंजूरी दे दी। बघेल और सिंह देव ने रणनीति बैठक के बाद खरगे से उनके आवास पर मुलाकात भी की। टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, ‘हैं तैयार हम। महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं. @TS_SinghDeo’।

स्टेट ब्यूरो ईश्वर कुमार की रिपोर्ट