नगरनौसा (नालंदा): नगरनौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 7 किलो 471 ग्राम गांजा, 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, दो बाइक और एक ऑल्टो कार बरामद की है।

इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एएसपी रंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में नगरनौसा थाना क्षेत्र के कंचन भवन गोदाम स्थित संजय श्रीवास्तव के गोदाम में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान चोकर के बोरे में छिपाकर रखा गया 7 किलो 471 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक थैले में रखे 3 लाख 70 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने संजय श्रीवास्तव और दीनानाथ प्रसाद के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं, गोदाम के बाहर गांजा बिक्री में इस्तेमाल की जाने वाली दो बाइक भी जब्त की गईं। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस को तस्करी में सहयोग करने वाले प्रेमन बिगहा गांव निवासी सुबोध कुमार के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सुबोध कुमार को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से एक ऑल्टो कार भी बरामद की।

एएसपी ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी

छापेमारी टीम में नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, पुअनि संदीप कुमार, सुदेश्वर राय, सिपाही रमेश कुमार, सरस्वती कुमारी, रुकसार खातून, दिनेश कुमार, अनिकेत कुमार, शिवम कुमार, मनीष कुमार, संजीब कुमार और पूनम कुमारी शामिल थीं।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट