पटना : नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार थम गया है। आज यानी मंगलवार को प्रत्याशी केवल जनसंपर्क करेंगे। कल बुधवार 28 दिसंबर को दूसरे चरण में राज्य के 23 जिलों के 68 नगर निकायों में चुनाव होना है। इनमें 17 नगर निगम, 2 नगर परिषद् और 49 नगर पंचायत हैं। चुनाव के लिए 7088 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से सर्वाधिक 1900 बूथ पटना में मेयर और डिप्टी मेयर के लिए मतदान करेंगे। इस बार पहली दफा वोटर सीधे मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद (नगर निगमों में मेयर व डिप्टी मेयर) चुन रहे हैं। पहले चरण में यह प्रयोग हो चुका है। जहां तक दूसरे चरण के मतदान का सवाल है तो गया जिले के डोभी और फतेहपुर नगर पंचायत में सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक ही मतदान होगा, शेष सीटों पर शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे। शुक्रवार 30 दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। वोटर खुद मतदान संबंधित जानकारी निकाल सकते हैं। इस चरण के लिए नाम वापसी के बाद दूसरे दौर के 14 प्रत्याशी निर्विरोध जीत चुके हैं।