पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना शहर में विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्रा कॉलोनी में निर्माणाधीन पाटलिपुत्रा पार्क नम्बर 113 का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां लोगों के घूमने-फिरने, जिम, बच्चों के खेल-कूद की सुविधायें सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्माणाधीन पार्क के विभिन्न भागों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने इस पार्क का निर्माण तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पाटलि पथ पर रूककर नेहरू पथ को पाटलिपथ से जोड़ने हेतु किये जा रहे निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री रूपसपुर नहर के समीप रूककर खगौल-नेहरू पथ-अशोक राजपथ को जोड़नेवाले रूपसपुर नहर पथ के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण कार्य एवं मजबूतीकरण कार्य के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। इन पथों के निर्माण से शहर में लोगों को आवागमन के और भी विकल्प मिलेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को भी आने-जाने में सहूलियत होगी।

इसके पश्चात् सगुना मोड़ के पास रूककर मुख्यमंत्री ने रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनो तरफ भूमिगत नाला के साथ पथ के चौड़ीकरण कार्य के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। पश्चिमी पटना क्षेत्र काफी तेजी से विकसित हो रहा है। इससे क्षेत्र के यातायात की व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर रूपसपुर से सगुना मोड़ तक अवस्थित लगभग 12 मीटर चौड़ा कच्चा नाला पर बॉक्स पुलिया सह सड़क के रूप में निर्माण किया जा रहा है। इससे शहर का सौंदर्याकरण भी होगा और इस क्षेत्र के लोगों का आवागमन और सुलभ होगा। मुख्यमंत्री ने गोला पथ स्थित कृष्णा चौक पर रूककर नेहरू पथ से गोला पथ में 2.20 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोला पथ में जाम की समस्या बनी रहती है। इस पथ का चौड़ीकरण कार्य तेजी से पूर्ण करें। कार्य के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को दानापुर जाने में भी काफी सहूलियत होगी।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ० गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
