दिसंबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है। आज क्रिसमस और न्यू ईयर की तैयारियों के बीच सर्दी पूरे शबाब पर है। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया है कि आज से दो दिन तक शीतलहर चल सकती है। वहीं उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा यूपी और बिहार में ‘कोल्ड डे’ से लेकर ‘गंभीर कोल्ड डे’ की ​स्थिति बनी हुई है। वहीं राजधानी दिल्ली के साथ ही उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली में समेत उत्तर भारत में सर्द हवाएं चलने और पारा गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में 25 व 26 दिसंबर के लिए सर्द दिन व शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही घना कोहरा एक बार फिर सुबह के समय परेशान करेगा। एनसीआर में जारी ठिठुरन क्रिसमस पर और बढ़ जाएगी। एनसीआर के इलाकों में भी सर्दी व कोहरे की मार देखने को मिलेगी। 27 दिसंबर से तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। साल के अंत तक तापमान 7 डिग्री तक पहुंच जाएगा।