पटना : प्रबुद्धजनों की प्रतिष्ठित संस्था ‘प्रबुद्ध हिंदू समाज’ के तत्त्वावधान में सोमवार को पटना जंक्शन स्थित महावीर मन्दिर में अभावग्रस्त व्यक्तियों के बीच कम्बलों का वितरण किया गया। संस्था के मुख्य संरक्षक और बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डा अनिल सुलभ, संस्था के अध्यक्ष प्रो जनार्दन सिंह, कोषाध्यक्ष ईं० महेन्दर शर्मा, आंतरिक-अंकेक्षक रंजन कुमार मिश्र तथा डा मनोज गोवर्द्धनपुरी ने दर्जनों गरीब महिलाओं और पुरुषों को कम्बल प्रदान किए।

इस संक्षिप्त समारोह में अपना विचार रखते हुए बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने सेवा के इस कार्य हेतु प्रबुद्ध हिंदू समाज की सराहना की तथा कहा कि प्रत्येक प्रबुद्ध और सक्षम व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह सुनिश्चित करे कि उसके पास का कोई व्यक्ति दुखी न हो। वेद-वाक्य “सर्वे भद्राणि पश्यन्तु ! मा कश्चिद दुःखभाग भवेत!” का आशय यही है। संसार में सभी सुखी और स्वस्थ रहें, यह सुनिश्चित करना समाज के सभी प्रबुद्ध और सक्षम व्यक्तियों का कर्तव्य है। प्रबुद्ध हिंदू समाज ने अपने इसी कर्तव्य को पूरा किया है।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सूरज सिंह समेत महावीर मंदिर के सेवा-कर्मियों ने वितरण-समारोह को सुव्यवस्थित करने में अपना पूरा सहयोग दिया। इसके पूर्व मंदिर की ओर से भोजन की अपेक्षा लेकर आए व्यक्तियों को निःशुल्क भोजन कराया गया।
