पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बड़ा बदलाव किया है। पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ ‘अभिषेक बंटी’ ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस लेने और चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया। इसके बाद बीजेपी ने तत्काल नए उम्मीदवार की घोषणा करते हुए नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक बंटी ने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले के बाद पार्टी ने बिना देर किए नए उम्मीदवार के रूप में नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी।
कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?
1 जुलाई 1994 को पटना में जन्मे नीरज कुमार सिन्हा ने स्नातक (बी.ए.) तक की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 2006 में भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
संगठन में उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वह लगातार दूसरी बार नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं।
मजबूत संगठनात्मक पृष्ठभूमि
नीरज कुमार सिन्हा का परिवार लंबे समय से जनसंघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनकी स्मृति में ही मंडल का नाम ‘नरेंद्र भारती मंडल’ रखा गया है।
दिलचस्प हुआ बांकीपुर का मुकाबला
अभिषेक बंटी के चुनावी मैदान से हटने और नीरज कुमार सिन्हा के उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का राजनीतिक मुकाबला और भी रोचक हो गया है। अब सभी की नजरें इस सीट पर होने वाले चुनावी मुकाबले और विभिन्न दलों की रणनीति पर टिकी हैं।
