बेगूसराय : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय स्थित आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यभर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का एक साथ उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि “बिहार पढ़ेगा, तब बिहार आगे बढ़ेगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 551 आदर्श विद्यालयों में लगभग 4 लाख छात्र-छात्राओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये विद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि विकसित बिहार की मजबूत नींव हैं।
शिक्षा व्यवस्था होगी और आधुनिक

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों के समान आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से FILO App के माध्यम से विद्यार्थियों को लाइव और इंटरैक्टिव कक्षाओं की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो, आधुनिक प्रयोगशालाएं तथा NEET, JEE सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहने देना है।
शिक्षकों के लिए भी बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 29 जुलाई से पारदर्शी स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में 211 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई है और विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए भूमि भी उपलब्ध करा दी गई है।
बेगूसराय के लिए कई बड़ी घोषणाएं
* कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बेगूसराय और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की।
* राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर बेगूसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
* सिमरिया में 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर बनाया जाएगा।
* सिमरिया से भागलपुर तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा।
* रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे बनने के बाद बेगूसराय, मुंगेर सहित इस क्षेत्र के लोग लगभग 5 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे।
* मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, परिवहन और निवेश को नई गति मिलेगी।
रोजगार, महिला सशक्तिकरण और विकास योजनाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 1 करोड़ रोजगार के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी जा चुकी है और जिनके खाते में राशि नहीं पहुंची है, उन्हें 25 जुलाई तक भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से अब तक 6 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.60 लाख आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। साथ ही हर महीने के दूसरे मंगलवार को राज्य स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन किया गया है, जिससे बागमती का पानी बूढ़ी गंडक नदी में पहुंचेगा और राज्य में नदी जोड़ो योजना को गति मिलेगी।
विद्यालय का किया निरीक्षण

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के बीपी इंटर स्कूल में विकसित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन और निरीक्षण किया। उन्होंने संगीत कक्ष, पुस्तकालय, फिजिक्स लैब, स्मार्ट क्लासरूम और छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान एवं तकनीक आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत भी की।
कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम लोग उपस्थित रहे।
