India beat Zimbabwe: भारत ने सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है। चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ उसने 72 रन से बड़ी जीत दर्ज की है। हालांकि, उसके बाद भी पॉइंट्स टेबल में उसकी सेहत पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उसका रन रेट थोड़ा सुधरा जरूर मगर वो माइनस में ही रहा। भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल की ओर एक और कदम बढ़ा दिय है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 256 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने इसके जवाब में ओवर तो पूरे 20 खेले, लेकिन टीम 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। इस तरह की भारत की जीत 72 रन ही रही। अब भारत के दो अंक हो गए हैं। अब अगला मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा।

अभिषेक और ​हार्दिक पांड्या के अर्धशतक

भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 30 बॉल का सामना किया। उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के आए। ईशान किशन ने 24 बॉल पर 38 और संजू सैमसन ने 15 बॉल पर 24 रन ठोक दिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 13 बॉल पर 33 रन बनाए। आखिरी में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आक्रामक की बल्लेबाजी की। हार्दिक ने केवल 23 बॉल पर 50 रन ठोक दिए। इसमें दो चौके और चार छक्के शामिल रहे। तिलक ने 16 बॉल पर 44 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और चार छक्के आए।

शतक से चूक गए ब्रायन बेनेट

जिम्बाब्वे के लिए केवल सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की अच्छी पारी खेल पाए। वे पारी का आगाज करने आए​ थे और आखिर तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 59 बॉल पर शानदार 97 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आठ चौके और छह छक्के लगाए। हालांकि वे अपना शतक पूरा करने से चूक गए। सिकंदर रजा ने 21 बॉल पर 31 रन की पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने एक एक विकेट हासिल किया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को कोई विकेट नहीं मिला।

टी20वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

टीम इंडिया ने टी20 विश्वकप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका के नाम है, टीम ने कीनिया के खिलाफ साल 2007 में 260 रन बनाए थे, ये रिकॉर्ड अभी टूटा नहीं है। हालांकि टीम इंडिया का टी20 विश्व कप में अब ये सबसे बड़ा स्कोर हो गया है। भारत ने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 218 रन बनाए थे।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

जिम्बाब्वे प्लेइंग इलेवन: तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डायोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रज़ा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी, रिचर्ड नगारवा