साहिबगंज: प्रसंजीव फाउंडेशन की ओर से मूक-बधिर विशेष बच्चों के साथ होली की खुशियाँ रंग-गुलाल और पकवानों के साथ साझा की गई। होली की छुट्टी को देखते हुए यह विशेष कार्यक्रम 8 मार्च 2026 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों के साथ त्योहार की खुशियाँ बाँटना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना था।
इस अवसर पर फाउंडेशन की डायरेक्टर माधुरी कुमारी, सानू कुमार और अजय कुमार आजाद ने बताया कि संस्था विशेष बच्चों के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता अभियान एवं सामाजिक कार्यक्रम संचालित करती है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की सिस्टर्स और स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। उनके धैर्य, सेवा और समर्पण की सभी ने सराहना की।
संस्था से जुड़े निलेश ने बताया कि अगला कार्यक्रम बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान में आयोजित करने की योजना है। इस कार्यक्रम में महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह (SHG) जागरूकता, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संस्था वर्तमान में बिहार और झारखंड में विभिन्न सामाजिक कार्य कर रही है। साथ ही समाज के संवेदनशील और जागरूक लोगों से अपील की गई है कि वे संस्था से जुड़कर डोनर और वॉलंटियर के रूप में सहयोग करें, ताकि जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाई जा सके।
