पटना: राजधानी के प्रमुख पटना जंक्शन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी ईएफटी (एक्सेस फेयर टिकट) के मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई में एक टीटीई को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
आरोपी की पहचान अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो स्टेशन पर तैनात था। जांच के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में संदिग्ध और फर्जी ईएफटी बरामद हुए। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि इन टिकटों के जरिए यात्रियों से अवैध वसूली की जा रही थी, जिससे रेलवे को राजस्व का नुकसान हो रहा था।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस टीम ने प्लेटफार्म नंबर एक पर अचानक छापा मारा। जांच के दौरान जब टीटीई की तलाशी ली गई, तो फर्जी टिकट मिलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
दानापुर रेलमंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे इस तरह की अनियमितताओं को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर आरोपी टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि फर्जी ईएफटी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल विजिलेंस टीम मामले की गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी भी संभव है।
