बेंगलुरु : आईटी हब कहे जाने वाला कर्नाटक का बेंगलुरु शहर एक बार फिर गैंगरेप की वारदात से शर्मसार हो गया। इस घिनौनी वारदात को एक ऐप बेस्ड बाइक सर्विस के चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस वारदात के लिए जिम्मेदार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मगर वारदात के बाद एक सवाल उठ रहा है कि क्या ये बेंगलुरु में ऐप बेस्ड राइड सर्विस महिलाओं के लिए सेफ नहीं हैं?
इस वारदात के दौरान दरिंदगी का शिकार होने वाली पीड़िता केरल की रहने वाली है। वो रात के समय अपने एक दोस्त के घर से निकल कर दूसरे दोस्त के घर जा रही थी। इसके लिए उसने ऐप बेस्ड बाइक ड्रॉप सर्विस का इस्तेमाल किया था। लेकिन बाइक राइडर उसे किसी दूसरी सुनसान जगह पर ले गया। वहां बाइक चालक का एक दोस्त और भी आया और फिर दोनों ने मिलकर उस लड़की के साथ बलात्कार किया।

यह वारदात 25 से 26 नवंबर की दरम्यानी रात की है। पुलिस कमिश्नर प्रताप रेड्डी ने बताया कि यह बेंगलुरु की इलेक्ट्रॉनिक सिटी की सीमा में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जिसमें 22 वर्षीय एक लड़की देर रात रैपिडो पर एक दोस्त के घर से दूसरे के घर जा रही थी। उसी दौरान ड्राइवर ने देखा कि लड़की पूरी तरह से होश में नहीं थी। इसी बात का फायदा उठाकर वो लड़की को इलेक्ट्रॉनिक सिटी में किसी सुनसान जगह पर ले गया और वहां अपने एक दोस्त के साथ उसका बलात्कार किया।