नालंदा: चंडी थाना क्षेत्र की एक 26 वर्षीय युवती ने राजनविगहा निवासी छोटू कुमार उर्फ राहुल राज पर शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के आधार पर चंडी थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस को दिए आवेदन में युवती ने बताया है कि वर्ष 2022 में आरोपी युवक ने उससे शादी करने की बात कही थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई और दवा के माध्यम से गर्भपात कराया गया। इसके अलावा उसने 18 मई 2026 को जबरदस्ती संबंध बनाने तथा 6 जून 2026 को पटना के भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के पास भी ऐसी ही घटना होने का आरोप लगाया है।
शादी के लिए पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
युवती ने आरोपी के परिजनों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके मुताबिक, शादी के लिए आरोपी के परिवार की ओर से पांच लाख रुपये की मांग की गई। युवती का कहना है कि शादी का भरोसा देने के बाद आरोपी ने बाद में विवाह से इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद चंडी थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू कुमार उर्फ राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
