आज (4 जुलाई 2023) से शिवजी की आराधना का महापर्व शुरू हो रहा है। सनातन धर्म में सावन का महीना शुरू होते ही भोलेनाथ के भक्त बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रा लेकर अपने आराध्य की आराधना करने के लिए निकल पड़ते हैं I इस वर्ष सावन 58 दिनों का होगा यानी शिवजी की पूजा-पाठ और भक्ति के लिए सावन का महीना दो माह का होगा। 4 जुलाई से सावन का पवित्र महीना शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान 18 जुलाई से 16 अगस्त तक अधिक मास रहेगा। इसी कारण से इस वर्ष सावन का महीना 2 महीने का होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवशयनी एकादशी से लेकर देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु योगनिद्रा में होते हैं। ऐसे में सृष्टि का संचालन भगवान शिव के हाथों में रहता है। अधिकमास के चलते इस बार चातुर्मास चार के बजाय पांच महीनों का होगा। सावन का महीना भगवान शिव को बहुत ही प्रिय होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार सावन का महीना पांचवां महीना होता है।

सावन माह की प्रमुख तिथियां

इस साल अधिकमास के कारण सावन का महीना 58 दिनों तक चलेगा। सावन महीने की शुरुआत के साथ ही कई व्रत-त्योहार भी आरंभ हो जाते हैं। 4 जुलाई से सावन का महीना शुरू होकर 31 अगस्त तक रहेगा। इस दौरान कई त्योहार मनाए जाएंगे। 6 जुलाई को संकष्टी चतुर्थी, 13 जुलाई को कामिका एकादशी, 15 जुलाई को मासिक शिवरात्रि, 17 जुलाई को श्रावण माह की अमावस्या, 19 अगस्त को हरियाली तीज, 21 अगस्त नाग पंचमी, 30 अगस्त को रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जाएगा।

देवघर कांवड़ यात्रा

शिव, सावन और मलमास की त्रिवेणी में डुबकी लगाइए, देवघर में आपका स्वागत है। प्रशासन आपके आने की खुशी में पलकें बिछाए हैं। देवघर यानि देवों का घर …। आतिथ्य का भाव है और आपके आने का इंतजार है। आपके सुरक्षित और सुलभ जलार्पण को लेकर बिहार और झारखंड की सरकार ने बेहतर समन्वय बनाकर कुछ नया किया है। सूचना तंत्र इतना मजबूत की पलक झपकते दोनों प्रांत का सिस्टम भक्तों की सेवा और उनकी सुविधा को आसान बनाने को तत्पर हो जाएगा।

सुबह चार बजे से रात 10 बजे तक जलार्पण कर सकेंगे भक्‍तबाबा नगरी देवघर में श्रावणी मेला आज से शुरू हो चुका है। सावन महीने में यह पूरा क्षेत्र केसरिया वस्त्र पहने शिवभक्तों से पट जाता है। भगवान भोलेनाथ के भक्त 105 किलोमीटर दूर बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज में बह रही उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर कांवड़ लिए पैदल यात्रा करते हुए यहां आते हैं और बाबा का जलाभिषेक करते हैं।