भागलपुर: हनुमान जयंती (जन्मोत्सव) के पावन अवसर पर अंग नगरी भागलपुर स्थित प्राचीन बाबा बूढ़ानाथ मंदिर परिसर में भव्य जागरण एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में रंग गया।
संकट मोचन दरबार में मंदिर के मुख्य प्रबंधक वाल्मीकि सिंह एवं पार्षद संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान जी की विशेष पूजा संपन्न कराई गई। मंदिर के पांच विद्वान पंडितों ने विधि-विधान से पूजन कराया।

कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया। लगभग 15 किलो गेंदे और गुलाब के फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिससे पूरा परिसर अलौकिक रूप से सुसज्जित नजर आया।
शाम को मंदिर के पुजारी द्वारा भव्य संध्या महाआरती की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह, दीपक सिंह, राजेश, अभिषेक, विशाल, राकेश सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान भागलपुर की बेटी प्राची राज मिश्रा ने गणेश वंदना पर सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद बाहर से आए जागरण कलाकारों ने भक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय श्री राम” के उद्घोष से बाबा बूढ़ानाथ का परिसर गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। अंत में सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस आयोजन में विशाल कुमार, अमित कुमार, राहुल कुमार, अश्वनी कुमार, प्रहलाद चौधरी, शशांक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
