पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना स्थित ‘नेक संवाद’ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने, राज्य के विकास कार्यों की समीक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 अगस्त के बाद वह स्वयं सभी जिलों का दौरा करेंगे, विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और संबंधित जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 से पहले सभी जिलों में पीपीपी (PPP) मॉडल पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों का निर्माण कार्य शुरू करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक करोड़ नए पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार से आवश्यक विमर्श हो चुका है। मुख्यमंत्री ने एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार हर घर को सौर ऊर्जा से जोड़ने के अभियान पर तेजी से काम कर रही है। पहले चरण में 2.5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि मुख्यमंत्री और एनडीए के सभी प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हर तीन महीने में आयोजित होगी, ताकि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जनकल्याण के लिए हर महीने पांच विशेष कार्य दिवस निर्धारित किए हैं। प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर, मुख्यमंत्री स्तर पर राज्य सहयोग शिविर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिवस और पंचायत विकास दिवस जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने, महिलाओं के लिए रोजगार योजनाओं, 125 यूनिट मुफ्त बिजली और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण राज्य सरकार पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आया है, जिसे सरकार जनता के हित में वहन कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 सूत्री समिति और नागरिक परिषद से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा जरूरत पड़ने पर जिला स्तर पर समितियों का भी गठन किया जाएगा।

बैठक में जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, राज्य सरकार के मंत्री, एनडीए के वरिष्ठ नेता, विभिन्न घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।