“हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान को मिलेगा नया विस्तार

पटना : सहकारिता विभाग के तहत बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा 25 मई 2026 को “हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के किसानों, विशेषकर सब्जी उत्पादकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और सहकारिता आधारित कृषि बाजार व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

यह सम्मेलन डी.एन.एस. क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान में 25 मई को सुबह 9:30 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के संस्थागत खरीदार, सब्जी उत्पादक समूह, किसान उत्पादक संगठन (FPOs), सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव द्वारा किया जाएगा

बिहार आज देश के अग्रणी सब्जी एवं बागवानी उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। इसके बावजूद किसानों को विपणन, भंडारण, खरीदारों तक सीधी पहुंच और उचित मूल्य जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं के समाधान और किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

“हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान का लक्ष्य बिहार की सब्जियों और कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। यह पहल किसानों, उत्पादक समूहों, सहकारी संस्थाओं और खरीदारों को एक साझा मंच प्रदान करेगी, जिससे कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन को बढ़ावा मिलेगा।

सम्मेलन के दौरान खरीदारों और उत्पादकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद कराया जाएगा। साथ ही आधुनिक बाजार व्यवस्था, मूल्य संवर्धन, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, कोल्ड चेन व्यवस्था, ब्रांडिंग और किसानों की आय बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

इस आयोजन से किसानों को नए बाजार और बेहतर व्यापारिक अवसर मिलने की संभावना है। वहीं सहकारी संस्थाओं और उत्पादक समूहों को बड़े स्तर पर साझेदारी स्थापित करने का अवसर प्राप्त होगा। इससे बिहार की कृषि ब्रांडिंग को मजबूती मिलेगी और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।