नगरनौसा (नालंदा): पुलिस ने नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में हुई लूट की वारदात का महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, नगद राशि, चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
डीएसपी रंजन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि शनिवार की दोपहर चार हथियारबंद अपराधी महमदपुर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में घुस गए थे। उन्होंने हथियार के बल पर संचालक को धमकाकर पांच हजार रुपये नकद, एसबीआई की चेकबुक और एक लैपटॉप लूट लिया था। इस मामले में नगरनौसा थाना कांड संख्या-195/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ और डीआईयू की तकनीकी सहायता से गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी कर सभी चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, वारदात के दौरान पहने गए कपड़े, लूटी गई राशि में से 3,200 रुपये, चार मोबाइल फोन तथा लूटा गया लैपटॉप बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी अकलू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ एकंगरसराय थाना क्षेत्र के रामभवन स्थित ग्रामीण बैंक में भी लूट की योजना बना रहा था। इसके लिए उसने बैंक की रेकी कर आसपास का वीडियो बनाया था, जिसे उसने अपने साथी नीरज कुमार को भेजा था। पुलिस इस खुलासे के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थरथरी थाना क्षेत्र के भतूबिगहा निवासी नीरज कुमार, हिलसा थाना क्षेत्र के भटविगहा निवासी अकलू कुमार, नूरसराय निवासी सूरज राज तथा पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के पीताम्बरपुर निवासी अनिकेत कुमार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में चंडी अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु, प्रभारी डीआईयू आलोक कुमार, नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान, एसटीएफ एवं डीआईयू की टीम, पुअनि संदीप कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीएसपी रंजन कुमार ने कहा कि नालंदा पुलिस जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
