पटना: बिहार के IAS और IPS अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक की गई संपत्ति के विवरण में कई चौंकाने वाली और दिलचस्प बातें सामने आई हैं। जहां कुछ अफसरों के पास लाखों का निवेश है, वहीं कई वरिष्ठ अधिकारी बेहद सादगी भरा जीवन जीते नजर आए।
सबसे खास बात यह रही कि प्रत्यय अमृत की पत्नी की संपत्ति उनसे अधिक है, जबकि विनय कुमार नकद राशि नहीं रखते। कुछ अफसरों के पास निजी वाहन तक नहीं है, तो कुछ के पास जमीन भी नहीं है।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास मात्र 15,400 रुपये नकद हैं। बैंक खातों में लगभग 5.5 लाख रुपये और 3.15 लाख रुपये म्यूचुअल फंड में निवेश है। उनके पास एक पुरानी मारुति इस्टीम कार है और केवल 20 ग्राम सोना है। संपत्ति के रूप में मुजफ्फरपुर में थोड़ी सी जमीन (परिवार के साथ साझा) और गुरुग्राम में 1500 वर्गफीट का प्लॉट है।
DGP विनय कुमार
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के बैंक खातों में 32.55 लाख रुपये जमा हैं, लेकिन वे नकद नहीं रखते। उनके पास करीब 25 लाख रुपये का सोना और 1.15 लाख की चांदी है। उनके पास i-10 कार है और नोएडा में कर्ज लेकर फ्लैट खरीदा हुआ है।
IAS सीके अनिल
राजस्व विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल के पास 44,300 रुपये नकद और करीब 5 लाख रुपये बैंक में हैं। उनके पास एक कार, खगड़िया में पैतृक संपत्ति और हैदराबाद में करीब 30 लाख का फ्लैट है।
ACS (गृह) अरविंद चौधरी
अरविंद चौधरी के पास लगभग 52 हजार रुपये नकद और 10 लाख रुपये बैंक में हैं। उन्होंने 14.52 लाख रुपये बॉन्ड में निवेश किया है, लेकिन उनके पास कोई निजी वाहन नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि उनकी पत्नी के पास उनसे काफी अधिक आभूषण हैं।
IPS कुंदन कृष्णन
कुंदन कृष्णन के पास 40 हजार रुपये नकद और करीब 47 लाख रुपये बैंक में हैं। उन्होंने शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और बीमा में निवेश किया है। नालंदा और पटना में संपत्ति के साथ गुरुग्राम में फ्लैट भी है।
IAS पंकज कुमार
पंकज कुमार की चल संपत्ति लगभग 1 करोड़ और अचल संपत्ति करीब 97 लाख रुपये है। उनके पास स्कूटर, 75 हजार रुपये नकद और कुछ सोना है। बांका में कृषि भूमि भी है।
IAS नर्मदेश्वर लाल
नर्मदेश्वर लाल के पास न तो कार है और न ही जमीन। हालांकि उन्होंने पीपीएफ, एनपीएस और बीमा योजनाओं में अच्छी-खासी राशि निवेश कर रखी है।
IAS धर्मेंद्र सिंह
सहकारिता सचिव धर्मेंद्र सिंह के पास 20 हजार रुपये नकद और 9.59 लाख रुपये बैंक में हैं। उनके पास दो गाय और दो बछड़े भी हैं, जो उनकी संपत्ति का हिस्सा हैं। साथ ही बॉन्ड और शेयर में भी निवेश किया गया है।
IAS कुमार अनुपम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सचिव कुमार अनुपम के पास मात्र 5,000 रुपये नकद हैं, जबकि कुल जमा राशि लगभग 37 लाखहै।
इस रिपोर्ट से साफ है कि बिहार के वरिष्ठ अफसरों की जीवनशैली और निवेश के तरीके काफी अलग-अलग हैं। किसी ने शेयर और प्रॉपर्टी को चुना, तो किसी ने सादगी और सीमित संसाधनों के साथ जीवन जीना पसंद किया।
