Nitish Kumar के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य में नई NDA सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, NDA के सभी विधायकों को 12 अप्रैल से पटना में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी, जिनमें 2030 तक राज्य के विकास को लेकर मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने पर भी मुहर लग सकती है। साथ ही, ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान घोषित योजनाओं को पूरा करने पर भी फैसला लिया जा सकता है।

10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यता की शपथ लेंगे नीतीश कुमार

सूत्रों के अनुसार, 8 अप्रैल की बैठक के बाद नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे। इसके बाद 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। 11 अप्रैल को उनके पटना लौटने की संभावना है। इसके बाद 12 या 13 अप्रैल को NDA विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी।

13 अप्रैल के बाद दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

माना जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ने के फैसले की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। इसके बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। NDA विधायक दल नए नेता का चुनाव करेगा, जिसके बाद राज्यपाल को सरकार गठन का प्रस्ताव सौंपा जाएगा और फिर नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।