पटना : मीठापुर स्थित कृषि भवन सभागार में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव द्वारा राज्यस्तरीय “जल-जीवन-हरियाली दिवस” कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है, लेकिन बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण और जल के असंतुलित उपयोग के कारण जल संकट गंभीर होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभी से जल संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में पानी के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है।

जल-जीवन-हरियाली अभियान से पर्यावरण संरक्षण और कृषि में बदलाव
नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। इसके तहत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण और चेक डैम निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही किसानों को 90% तक अनुदान दिया जा रहा है। कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव के अनुसार, राज्य में मॉडल कृषि गांव विकसित कर आधुनिक तकनीकों के जरिए उत्पादन और आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
