पटना: बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। विभाग द्वारा इस निर्वाचन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 25 अप्रैल 2026 कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पहले यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 के बीच पूरी की जानी थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कर दिया गया है। यह निर्णय प्रशासनिक एवं प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं तथा बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में निर्धारित नई समय-सीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया को हर हाल में पूरा कराएं। साथ ही, उन्होंने निर्वाचन के दौरान पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में पूर्व में जारी अधिसूचना के अन्य सभी दिशा-निर्देश यथावत लागू रहेंगे और उनका कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य होगा, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।