सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद आनंद मोहन ने जेडीयू नेतृत्व और नीतीश कुमार पर खुलकर हमला बोला। डुमरा स्थित होटल सभागार में महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण समारोह में पहुंचे आनंद मोहन ने कहा कि जेडीयू में अब ‘थैली की राजनीति’ हावी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में पैसे और प्रभाव के दम पर लोगों को मंत्री और बड़े पद दिए जा रहे हैं, जबकि पुराने और संघर्षशील नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज ऐसी स्थिति बन गई है कि “तू न बोले बाबू, तेरा पैसा बोले रे।” साथ ही उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पूरी तरह नियंत्रित कर रहे हैं और उन्हें “जिंदा दफन” कर दिया गया है। आनंद मोहन ने सरकारी कार्यक्रमों और पोस्टरों में मुख्यमंत्री की तस्वीर गायब रहने पर भी सवाल उठाए।
बेटे चेतन आनंद को मंत्री न बनाए जाने पर छलका दर्द, दिए बगावत के संकेत
अपने बेटे चेतन आनंद को कैबिनेट में जगह नहीं मिलने पर आनंद मोहन का दर्द मंच से साफ झलकता दिखा। उन्होंने कहा कि जब सरकार बचाने की जरूरत पड़ी, तब चेतन आनंद ने आगे बढ़कर भूमिका निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मान नहीं मिला।
आनंद मोहन ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि “टाइगर अभी जिंदा है” और आने वाले चुनावों में लोग इसका असर देखेंगे। उनके बयानों को जेडीयू के भीतर बढ़ती नाराजगी और संभावित आंतरिक कलह के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। बिहार की राजनीति में उनके इस बयान के बाद हलचल तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
