चंडी (नालंदा): बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने गुरुवार को नालंदा जिले के चंडी दौरे के दौरान स्पष्ट किया कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर लगातार जारी हैं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत समयबद्ध तरीके से चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
चंडी पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने चंडी-जैतीपुर बाइपास स्थित एक होटल में मुखिया, जिला परिषद सदस्य, नगर पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत समिति सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायतों की समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने आगामी विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी।
पंचायत चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने दोहराया कि चुनाव तय समय पर ही होंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं लगातार पूरी की जा रही हैं, ताकि बिना किसी बाधा के समय पर चुनाव कराया जा सके।
इस मौके पर चंडी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद, प्रखंड के कई मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में एनडीए के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायतों के विकास, स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
