पटना : बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने विभागीय योजनाओं में अब तक केवल 3 प्रतिशत बजट व्यय होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर योजनाओं के क्रियान्वयन और बजट खर्च की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए।

विजय कुमार सिन्हा ने योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति में हुई देरी को गंभीर मामला बताते हुए संबंधित मामलों की जांच कर तीन दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही, पिछले तीन वर्षों की जिलावार योजना प्रगति रिपोर्ट भी तलब की गई है, ताकि देरी के कारणों की विस्तृत समीक्षा की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले वित्तीय वर्ष से सभी योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति अप्रैल और मई माह में ही पूरी कर ली जाए। इसके अलावा संबंधित निदेशालयों को समय पर जिलावार राशि का उपबंध और मांग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

कृषि मंत्री ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली सभी प्रशासनिक और वित्तीय बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए। इसके लिए वित्त विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। सभी पदाधिकारी योजनाओं की व्यक्तिगत निगरानी करें और जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।

विजय कुमार सिन्हा ने दो टूक कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की वजह से योजनाओं में अनावश्यक देरी या लक्ष्य प्राप्ति में कमी पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभाग का प्रत्येक अधिकारी इसी भावना के साथ कार्य करे, ताकि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी तरीके से राज्य के किसानों तक पहुंच सके।

You missed